-
--
Good Morning Nagpur
भारतीय रेलवे ने यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी करते हुए बताया है कि पुणे–दौंड रेलखंड पर सिग्नल, दूरसंचार एवं ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) प्रणाली के रखरखाव और उन्नयन कार्य के कारण 13 एवं 14 जून को कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान कुछ ट्रेनों को पूर्ण रूप से रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों को अपने निर्धारित गंतव्य तक न चलाकर हडपसर स्टेशन तक ही संचालित किया जाएगा। प्रभावित ट्रेनों में नागपुर–पुणे एक्सप्रेस, पुणे–नागपुर एक्सप्रेस तथा डेक्कन एक्सप्रेस शामिल हैं।
वहीं जम्मू तवी–पुणे एक्सप्रेस और अमरावती–पुणे एक्सप्रेस को अस्थायी रूप से हडपसर स्टेशन तक ही चलाने का निर्णय लिया गया है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि यह कार्य रेल अधोसंरचना को और अधिक सुरक्षित एवं आधुनिक बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन का रनिंग स्टेटस एवं नवीनतम समय-सारिणी अवश्य जांच लें। रेलवे ने यात्रियों को केवल आधिकारिक रेलवे स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करने की सलाह दी है।
रेलवे प्रशासन ने हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए यात्रियों से सहयोग की अपेक्षा की है।