-
--
दीपावली के दौरान पटाखों से होने वाली आग की घटनाओं को देखते हुए नागपुर प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा कदम उठाया है। शहर में रॉकेट और स्काई शॉट जैसे पटाखों के इस्तेमाल पर 30 नवंबर तक पूर्ण प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया गया है। दिवाली के दौरान महज 24 घंटे में आग लगने की 42 से अधिक घटनाएं सामने आने के बाद प्रशासन ने यह सख्त निर्णय लिया है।
प्रशासन के निर्देशानुसार अब इमारतों की छतों, बालकनी, बाजारों, झुग्गी-बस्तियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पटाखे फोड़ने पर विशेष पाबंदी रहेगी। इन क्षेत्रों में रॉकेट और स्काई शॉट जैसे पटाखे आग लगने और जान-माल के नुकसान का कारण बन सकते हैं। इसलिए नागरिकों से सावधानी बरतने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। नागरिकों से अपील है कि वे सार्वजनिक सुरक्षा को प्राथमिकता दें और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें।