-
--
Good Morning Nagpur
नागपुर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में शामिल गोकुलपेठ मार्केट के पुनर्विकास प्रोजेक्ट को अब गति मिलने की उम्मीद है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने स्थानीय दुकानदारों, व्यापारी और ठेला संचालकों के हितों को ध्यान में रखते हुए परियोजना में पारदर्शिता और न्याय को प्राथमिकता देने की बात कही है।
प्रस्तावित पुनर्विकास परियोजना करीब 1.52 लाख वर्गफुट यानी 3.51 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जाएगी। इसका उद्देश्य गोकुलपेठ मार्केट को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर शहर के प्रमुख बाजारों में शामिल करना है।
परियोजना के तहत स्वच्छता, बेहतर पार्किंग, व्यवस्थित रिटेल स्पेस और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। प्रस्तावित इमारत करीब 31 मंजिला होगी, जिसमें 6 प्रवेश द्वार रखे जाने की योजना है, ताकि दुकानदारों और ग्राहकों के लिए आवागमन सुगम बनाया जा सके।
पुनर्विकास के दौरान मौजूदा विक्रेताओं, हॉकरों और ठेला संचालकों के हितों की रक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है। ग्राउंड फ्लोर पर वर्तमान विक्रेताओं को प्राथमिकता देने के साथ ही हॉकरों के लिए भी उचित व्यवस्था किए जाने की बात कही गई है।
गडकरी के अनुसार, परियोजना को तीन साल की समयसीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही नियम, शर्तों और किराये को लेकर सभी संबंधित पक्षों के बीच औपचारिक सहमति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
यह परियोजना पूरी होने के बाद गोकुलपेठ मार्केट को आधुनिक रूप मिलने के साथ-साथ क्षेत्र के व्यापार, यातायात व्यवस्था और शहरी विकास को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है।