-
--
Good Morning Nagpur
नागपुर: सड़क दुर्घटनाओं के बाद शुरुआती एक घंटे को बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इसी ‘गोल्डन आवर’ के दौरान घायलों को प्राथमिक चिकित्सा और सही आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नागपुर में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम नागपुर शहर यातायात पुलिस और NDRF अकादमी के संयुक्त आयोजन में आयोजित किया गया। शिविर में स्वयंसेवकों और ट्रैफिक कर्मियों को सड़क दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति की तत्काल मदद करने के लिए आवश्यक प्राथमिक चिकित्सा तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को कृत्रिम सांस देने (CPR/रेस्क्यू ब्रीदिंग), अत्यधिक रक्तस्राव रोकने, घायलों को संभालने तथा हड्डी खिसकने या टूटने की स्थिति में सुरक्षित सहायता देने का प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया गया।
शिविर में करीब 40 स्वयंसेवकों के बैच और ट्रैफिक कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। इसका उद्देश्य दुर्घटना के बाद शुरुआती समय में सही सहायता देकर गंभीर स्थिति को नियंत्रित करना और घायल व्यक्ति की जान बचाने की संभावना बढ़ाना है।
कार्यक्रम के समापन पर नागपुर शहर यातायात पुलिस ने NDRF अकादमी के निदेशक ब्रिगेडियर सत्यनारायण, गुरिंदर सिंह और दिलीप कुमार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।