-
--
नागपुर के महाल स्थित करीब 400 साल पुराने ऐतिहासिक कल्याणेश्वर मंदिर के विकास का रास्ता अब साफ हो गया है। मुंबई में हुई एपेक्स कमेटी की बैठक में मंदिर के लिए ₹72.49 करोड़ की संशोधित विकास योजना को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना के तहत मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, नए शिखर और भव्य सभामंडप का निर्माण, बहुउद्देशीय हॉल, महाप्रसाद व्यवस्था, प्रशासनिक कार्यालय और वेदशाला विकसित करने की योजना है।
परियोजना में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। मंदिर परिसर में योग केंद्र, स्वच्छ शौचालय, पेयजल और रेनवॉटर हार्वेस्टिंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही परिसर से जुड़े गणेश, महादेव और हनुमान मंदिरों का भी विकास किया जाएगा। पार्किंग व्यवस्था में बदलाव करते हुए मौजूदा मैकेनिकल पार्किंग की जगह दो-स्तरीय बेसमेंट पार्किंग बनाने की योजना है।
विधायक प्रवीण दटके की ओर से मंदिर विकास के लिए ₹100 करोड़ की मांग रखी गई थी, हालांकि संशोधित प्रस्ताव के तहत सरकार ने ₹72.49 करोड़ की राशि मंजूर की है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद कल्याणेश्वर मंदिर को नया स्वरूप मिलने के साथ नागपुर के धार्मिक, सांस्कृतिक और विरासत पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।.