-
--
Good Morning Nagpur
नागपुर के एलएडी चौक पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। महाराष्ट्र राज्य परिवहन महामंडल की एसटी बस और दूध से भरे टाटा इंट्रा वाहन के बीच जोरदार टक्कर हुई। टक्कर के बाद टाटा इंट्रा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े लोगों पर पलट गया।
हादसे में आनंदराव जाधव (65) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायलों की पहचान सुनील कुशलराव गुडे (62), निवासी गांधीनगर-अंबाझरी, शैलेंद्र मारोतराव किंगावकर (62), निवासी कॉरपोरेशन कॉलोनी और अभिषेक दुर्गाप्रसाद जगाने (23), निवासी खापरखेड़ा, कोराडी रोड के रूप में हुई है। अभिषेक टाटा इंट्रा वाहन का चालक बताया गया है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भेजा तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की।
बजाज नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है।