-
--
Good Morning Nagpur
नागपुर के गोरवाड़ा-पिटेसुर मार्ग पर शनिवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक ऑटो चालक की हत्या कर दी। मृतक की पहचान मोमिनपुरा निवासी 35 वर्षीय मोहम्मद काशिद मोहम्मद रफीक के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक अपने साथियों के साथ एक कार्यक्रम से लौट रहा था। इसी दौरान बदमाशों ने रास्ते में ऑटो रोककर हथियारों से हमला कर दिया। हमले में ऑटो चालक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद तीन लोगों के साथ मारपीट कर लूटपाट की गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही फुटाला पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 100 पर सूचना दें।