-
--
Good Morning Nagpur
नागपुर शहर में निजी अस्पतालों की व्यवस्थाओं और नियमों के पालन को लेकर नागपुर महानगरपालिका ने सख्ती बढ़ा दी है। मनपा की जांच टीम द्वारा शहर के पंजीकृत निजी अस्पतालों में विभिन्न मानकों की जांच की जा रही है। अब तक 374 निजी अस्पतालों की जांच के दौरान पार्किंग सुविधा, बेड क्षमता, उपचार की दर सूची और अन्य जरूरी नियमों से जुड़ी कई खामियां सामने आई हैं।
जांच के दौरान 16 अस्पतालों में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई, जबकि 21 अस्पतालों में बिना अनुमति बेड क्षमता बढ़ाने के मामले पाए गए। इसके अलावा 73 अस्पतालों में उपचार की दर सूची उपलब्ध नहीं मिली। नियमों और पार्किंग सहित अन्य कमियों को लेकर 89 अस्पतालों को मनपा की ओर से नोटिस जारी किए गए हैं।
नियमों की अनदेखी करने वाले अस्पतालों पर कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। निर्धारित नियमों का पालन नहीं करने और बेड क्षमता से संबंधित अनियमितताओं के मामलों में ₹5,000 तक के जुर्माने की कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है। मनपा की टीम द्वारा अस्पतालों में पार्किंग, बेड क्षमता, रेट बोर्ड, हेल्पलाइन, फायर सेफ्टी और बायोमेडिकल वेस्ट जैसे विभिन्न मानकों की जांच लगातार जारी है।
मनपा की इस कार्रवाई से निजी अस्पतालों में नियमों के पालन को लेकर सख्ती बढ़ने की उम्मीद है। वहीं, मरीजों और उनके परिजनों के लिए पारदर्शी दर सूची, उचित सुविधाएं और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करना इस जांच का अहम उद्देश्य माना जा रहा है।