-
--
Good Morning Nagpur
वर्धा जिले के सालोद क्षेत्र के पास समृद्धि एक्सप्रेसवे पर सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे टैंकर ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी और उसमें भीषण आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। इस हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतक परिवार वर्धा के सालोद का निवासी बताया जा रहा है। परिवार अपनी बेटी को उच्च शिक्षा के लिए पुणे छोड़ने जा रहा था। मृतकों में राजेश टिपले, उनकी पत्नी सुषमा, बेटी जान्हवी, कार चालक अंकुश और जुड़वा बच्चियां शामिल हैं।
हादसे के बाद समृद्धि महामार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति और शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।