-
--
Good Morning Nagpur
रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हैदराबाद–रक्सौल–हैदराबाद एक्सप्रेस का पुनः परिचालन बहाल करने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में चल रहे ट्रैक अनुरक्षण और आधारभूत संरचना से संबंधित कार्यों के कारण कुछ निर्धारित तिथियों पर रद्द की गई थी।
चक्रधरपुर मंडल के केंसबहाल–धरुआडीही रेलखंड की अप और डाउन लाइन पर सुरक्षित रेल संचालन के लिए मेगा ब्लॉक लिया जा रहा है। इसी कारण हैदराबाद–रक्सौल एक्सप्रेस और रक्सौल–हैदराबाद एक्सप्रेस का परिचालन प्रभावित हुआ था। अब रेलवे ने दोनों दिशाओं की ट्रेनों को निर्धारित तिथियों पर पुनः बहाल कर दिया है।
हैदराबाद से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 17005 हैदराबाद–रक्सौल एक्सप्रेस अब 8 और 15 अक्टूबर तथा 5 और 12 नवंबर 2026 को अपने निर्धारित समय के अनुसार चलेगी।
वहीं, रक्सौल से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 17006 रक्सौल–हैदराबाद एक्सप्रेस को 11 और 18 अक्टूबर तथा 8 और 15 नवंबर 2026 के लिए बहाल किया गया है। इन सभी तिथियों पर ट्रेन अपने निर्धारित समयानुसार संचालित की जाएगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की वर्तमान स्थिति, समय और प्लेटफॉर्म की जानकारी आधिकारिक रेलवे माध्यमों से जांचने की अपील की है।