-
--
Good Morning Nagpur
नागपुर में एक निजी स्मॉल फाइनेंस बैंक के मैनेजर को शेयर बाजार में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने ₹10.62 लाख की ठगी का शिकार बना लिया।
शिकायत के अनुसार, पीड़ित से WhatsApp पर “Lucky” नाम के व्यक्ति ने संपर्क किया और स्टॉक ट्रेडिंग में 89 से 90 प्रतिशत तक रिटर्न मिलने का दावा किया। शुरुआत में कथित रूप से छोटा मुनाफा दिखाकर उसका भरोसा जीता गया। इसके बाद निवेश के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में कुल ₹10.62 लाख ट्रांसफर करवाए गए।
रकम जमा होने के बाद पीड़ित को न तो निवेश की राशि वापस मिली और न ही वादा किया गया मुनाफा। ठगी का एहसास होने पर उसने साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कम समय में भारी या गारंटीड मुनाफे का दावा करने वाले ऑनलाइन निवेश प्रस्तावों से सावधान रहें। किसी भी प्लेटफॉर्म पर पैसा लगाने से पहले उसकी पूरी जांच अवश्य करें।