-
--
Good Morning Nagpur
जबलपुर–नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खैरी सीमा के पास रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने आगे चल रहे यात्री ऑटो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक सहित नौ महिला मजदूर घायल हो गईं, जिनमें से सात की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब सात बजे हुई। ऑटो में सवार महिलाएं सत्रापुर और कन्हान क्षेत्र से मजदूरी के लिए नागपुर जा रही थीं। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे यात्रियों को गंभीर चोटें आईं।
घायलों को मेयो अस्पताल में कराया भर्ती
हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को उपचार के लिए नागपुर के मेयो अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, सात महिला मजदूरों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
कामठी नवीन पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस कार चालक की भूमिका और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।