-
--
Good Morning Nagpur
रोजगार की तलाश में पश्चिम बंगाल से नागपुर आए एक युवक की वाड़ी रिंग रोड पर सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक नागपुर, वाड़ी और गिट्टीखदान क्षेत्र में कई दिनों से काम की तलाश कर रहा था। उसने एक चाय विक्रेता को यह भी बताया था कि वह कई दिनों से भूखा है और रोजगार की तलाश में शहर आया है।
रविवार शाम करीब 5 बजे वाड़ी रिंग रोड पर युवक एक तेज रफ्तार आयशर ट्रक की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
युवक ने नीली हाफ टी-शर्ट, पीली पट्टी वाली नीली ट्रैक पैंट और नीले-लाल रंग के जूते पहने हुए थे। गिट्टीखदान पुलिस ने लोगों से युवक की पहचान करने में सहयोग करने की अपील की है। मामले की आगे की जांच जारी है।