-
--
Good Morning Nagpur
नागपुर: ऑनलाइन क्रिकेट बेटिंग और प्रतिबंधित गेमिंग से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान अलग-अलग नामों से संचालित बैंक खातों और बैंक किट के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई है।
पुलिस की जांच में करीब 128 बैंक खातों से संदिग्ध लेनदेन किए जाने की जानकारी सामने आई है। मामले में अब तक 8 आरोपी पुलिस की कार्रवाई के दायरे में हैं। कार्रवाई के दौरान 21 मोबाइल फोन और 2 लैपटॉप भी जब्त किए गए हैं।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, इन बैंक खातों के माध्यम से लाखों रुपये के लेनदेन की आशंका है। पुलिस अब जब्त किए गए डिजिटल उपकरणों और बैंक खातों की जानकारी खंगालकर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
बताया जा रहा है कि मामले में गोवा से पहले कुछ आरोपियों को पकड़ा गया था। इसके बाद नागपुर पुलिस ने भी कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए दो और आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
पुलिस की साइबर और वित्तीय जांच जारी है। जांच के दौरान बेटिंग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संदिग्ध लेनदेन का भी पता लगाया जा रहा है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।